मानेसर। गढ़ी हरसरू रेलवे रोड पर सीवर का गंदा पानी जमा होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर कई दिनों से पानी भरा रहने के कारण आवागमन प्रभावित हो गया और लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कई दिन से इस इलाके में पानी जमा हो रहा था, लेकिन समय पर निकासी की व्यवस्था नहीं होने से स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। खासकर रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। सड़क पर जलभराव के कारण पैदल चलना और वाहनों का गुजरना दोनों ही मुश्किल हो गया था। नगर निगम की तरफ से इस क्षेत्र में नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते पानी की निकासी पूरी तरह से सुचारू नहीं हो पाई, जिसके कारण सीवर का पानी सड़क पर ही एक जगह इकट्ठा हो गया और पूरा रास्ता जलमग्न हो गया। हालांकि स्थिति बिगड़ने के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और जमा हुए गंदे पानी की निकासी कराई। इसके बाद धीरे-धीरे सड़क से पानी हटाया गया और लोगों को राहत मिली। संवाद