कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने किया विरोध, पुलिस ने किया स्थिति को नियंत्रित
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने शुक्रवार को सेक्टर-21 में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। लोगों के विरोध के बीच पांच प्लॉटों की भूमि को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान जमीन की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल भी कराई गई।
एचएसवीपी के शहरी संपदा अधिकारी-1 राकेश सैनी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। सर्वे शाखा के उपमंडल अभियंता गौरव यादव ने बताया कि सेक्टर-22 थाना पुलिस के सहयोग से एनफोर्समेंट टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-21 स्थित सरकारी भूमि पर कुछ लोगों ने वाहनों की पार्किंग कर अवैध कब्जा कर रखा था और अवैध रास्ता भी बना लिया था। टीम ने कब्जे हटाकर जमीन को खाली कराया तथा प्लॉटों के पीछे के हिस्से में प्री-कास्ट (रेडीमेड) बाउंड्री वॉल स्थापित कराई।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा करने का प्रयास किया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एचएसवीपी के कनिष्ठ अभियंता आनंद प्रकाश ने कहा कि सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी। वहीं संजीव यादव ने बताया कि पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध होने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और प्रभावी ढंग से की जा सकती है। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई से दो दिन पहले क्षेत्र में मुनादी कर लोगों को जमीन खाली करने की चेतावनी दी गई थी। अभियान के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं उपमंडल अभियंता ज्ञानचंद शर्मा भी मौजूद रहे।