स्वास्थ्य विभाग ने 30 अस्पतालों को निर्देश दिए
हर माह करनी होती है रिपोर्टिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्वास्थ्य विभाग ने 30 निजी अस्पतालों को निर्देश दिए हैं कि वह हेल्थ मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) पोर्टल पर हर माह मरीजों से जुड़ी जानकारी समय पर अपलोड करें। विभाग का कहना है कि रिपोर्टिंग की यह प्रक्रिया अनिवार्य है जिससे जिले में बीमारियों की स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी की जा सके।
विभाग के अनुसार, निजी अस्पतालों को हर महीने मरीजों की संख्या, उनके वार्ड की स्थिति, इलाज की प्रकृति और रोगों के प्रकार की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करनी होती है। इसके माध्यम से यह पता लगाया जाता है कि क्षेत्र में किस बीमारी के मरीज अधिक आ रहे हैं ताकि उसी अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं की योजना बनाई जा सके। विभाग के डिप्टी सिविल सर्जन डाॅ जयप्रकाश ने बताया कि अस्पतालों को एंटी नेटल केयर, वैक्सीनेशन, एनिमल बाइट्स, डिलीवरी, बाल स्वास्थ्य एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी रिपोर्ट भी पोर्टल पर उपलब्ध कराने को लेकर एक हफ्ते का समय दिया गया है।
सीएमओ डाॅ अलका सिंह का कहना है कि हर महीने सभी निजी अस्पतालों को एचएमआईएस पोर्टल पर जानकारी उपलब्ध करानी होती है जिससे जिले में जानकारी रहे कि कौन सी बीमारी के सबसे अधिक मरीज हैं।