नमो क्रिकेट लीग में पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबले
नंबर गेम-96 टीमें ले रहीं हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ताऊ देवीलाल स्टेडियम में शुरू हुई नमो क्रिकेट लीग के पहले दिन खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पहले दिन के मुकाबलों में हर्बल किंग, नाहर पीडब्ल्यू रूपा, रतन हेल्थकेयर, फाजिलपुर बादशाह-11 और क्रिसपार्टन की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर की ओर कदम बढ़ाया। चार दिवसीय इस क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 96 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत के बाद पहले दिन अलग-अलग टीमों के बीच कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। स्टेडियम में मौजूद खेल प्रेमियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
पहले मुकाबले में हर्बल किंग का सामना रैंक-11 से हुआ। हर्बल किंग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 41 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रैंक-11 की टीम 5 ओवर में 28 रन ही बना सकी। दूसरे मुकाबले में खटोला लायंस स्ट्राइकर्स और नाहर पीडब्ल्यू रूपा की टीमें आमने-सामने रहीं। खटोला लायंस स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 ओवर में 40 रन बनाए। इसके जवाब में नाहर पीडब्ल्यू रूपा ने तेजी से लक्ष्य हासिल करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की।तीसरे मुकाबले में रतन हेल्थकेयर और केसरीया-11 के बीच मैच खेला गया। केसरीया-11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 ओवर में 45 रन बनाए। जवाब में रतन हेल्थकेयर ने शानदार बल्लेबाजी की और 3.3 ओवर में ही 51 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रतन हेल्थकेयर ने यह मुकाबला 10 विकेट से जीता।
इसके बाद वन पीस और फाजिलपुर बादशाह-11 के बीच मुकाबला हुआ। वन पीस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 ओवर में 31 रन बनाए। फाजिलपुर बादशाह-11 ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 3.2 ओवर में 32 रन बनाकर 7 विकेट से जीत हासिल की। वहीं, झारसा-11 और क्रिसपार्टन के बीच हुए मुकाबले में भी रोमांच देखने को मिला। झारसा-11 ने पहले खेलते हुए 5 ओवर में 52 रन बनाए। जवाब में क्रिसपार्टन ने 5 ओवर में 53 रन बनाकर लक्ष्य हासिल किया और 5 विकेट से मुकाबला जीत लिया।