गुुरुग्राम। बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग की तरफ से नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं। पहले मोबाइल से बिल भेजने की व्यवस्था शुरू की गई और अब बिजली अधिकारियों ने खुले में दरबार लगाकर मौके पर ही समस्याओं का समाधान करना शुरू कर दिया है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की तरफ से उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए सेक्टर-57 स्थित सनसिटी के सामुदायिक भवन में जनता दरबार लगाया गया।
इस दौरान बिजली निगम के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में 15 शिकायतें सामने आईं, जिनमें से अधिकांश शिकायतों का समाधान कर दिया गया है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के साउथ सिटी उपमंडल अभियंता विक्रम सिंह परमार अपनी टीम के साथ सेक्टर-57 पहुंचे थे। यह कार्यक्रम आरडब्ल्यूए के सहयोग से आयोजित किया गया। इस दौरान ज्यादातर उपभोक्ताओं ने गलत बिजली के बिल के संदर्भ में समस्याएं रखीं, जिनका अधिकारियों ने त्वरित समाधान किया और भविष्य में इस तरह की समस्या न होने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर बिजली निगम से ओम प्रकाश, ललित कुमार, समेत अन्य मौजूद रहे। इस दौरान जो बिल ज्यादा बने हुए थे, उनको मौके पर ही ठीक किया गया।