अभ्यास कर फिटनेस और तकनीक सुधार रहे, दो नवंबर से शुरू होंगे खेल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दो नवंबर से शुरू हो रहे हरियाणा ओलंपिक खेलों को लेकर जिले के खिलाड़ी अपनी अंतिम तैयारियों में जुट गए हैं। खासतौर पर कुश्ती प्रतियोगिता के पहलवान रोजाना कड़ी मेहनत कर अपनी फिटनेस और तकनीक सुधार रहे हैं।
कुश्ती प्रशिक्षक नरेंद्र ने बताया कि इस बार खिलाड़ियों का जोश और समर्पण देखने लायक है। हमारी कोशिश है कि पहलवान हर मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दे। रोजाना अभ्यास सत्र सुबह और शाम को किया जाता है। खिलाड़ी अपनी ताकत और तकनीक दोनों पर काम कर रहे हैं। वह उन्हें पूरी तरह से तैयार देखकर बहुत खुश हैं।
कुश्ती खिलाड़ियों का मानना है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर अपने जिले का नाम रोशन करना उनका मुख्य लक्ष्य है। कोच के मार्गदर्शन में वे नए गुर सीख रहे हैं और मानसिक रूप से भी खेल के लिए पूरी तरह तैयार हो रहे हैं। हरियाणा राज्य खेलों में कुश्ती के साथ कई अन्य खेलों की भी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जो खेल प्रेमियों के लिए उत्साह का कारण हैं। जिले की युवा प्रतिभाएं इस मंच का भरपूर लाभ उठाकर अपनी काबिलियत दिखाने की पूरी कोशिश कर रही हैं।