-गोल्फ टूर्नामेंट के पहले दिन 67 के स्कोर के साथ दोनों खिलाड़ी एक शॉट आगे, रोमांच बढ़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। उपमंडल के अंतर्गत क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिसोर्ट में शुरू हुए डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैम्पियनशिप के पहले दिन युवा जोश और अनुभव का बेहतरीन मेल देखने को मिला। 18 वर्षीय हरमन सचदेवा और 41 वर्षीय जमाल हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त बढ़त हासिल की। क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले जा रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के पहले राउंड के बाद दोनों खिलाड़ियों ने पांच अंडर 67 का स्कोर बनाकर लीडरबोर्ड में शीर्ष स्थान साझा किया ।
गुरुग्राम के उभरते खिलाड़ी और सीजन का पहला डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टूर खेल रहे हरमन सचदेवा ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उनके राउंड का मुख्य आकर्षण पार-5 14वें होल पर लगाया गया ईगल रहा। इसके अलावा उन्होंने छह बर्डी और तीन बोगी के साथ संतुलित खेल दिखाया। अंतिम चरण में उन्होंने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए पार-5 नौवें होल पर बर्डी लगाई और मजबूती के साथ राउंड खत्म किया। वहीं टूर के अनुभवी और छह बार के विजेता जमाल हुसैन ने बेहद संयमित और सटीक खेल दिखाया। उन्होंने बिना कोई बोगी किए पांच बर्डी के साथ 67 का स्कोर बनाया।
चुनौतीपूर्ण मौसम, खासकर तेज हवा के बावजूद हुसैन ने अपनी ड्राइविंग और पटिंग पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा और मौके मिलने पर उनका भरपूर फायदा उठाया। प्रतियोगिता में चार खिलाड़ी जापान के ताइगा तनाका, बेंगलुरु के चिकारंगप्पा एस., हरियाणा के रोहित नरवाल और एशियन गेम्स के रजत पदक विजेता अभिनव लोहान चार अंडर 68 के स्कोर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं और लीड से सिर्फ एक शॉट पीछे चल रहे हैं, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक हो गया है।
मैच के बाद सचदेवा ने 14वें होल को अपने राउंड का निर्णायक मोड़ बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में धैर्य और रणनीति पर टिके रहना उनके लिए फायदेमंद साबित हुआ। पहले ही दिन से खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। आने वाले राउंड में मुकाबला और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।