गुरुग्राम। मनी ट्रांसफर एजेंसी की वेबसाइट हैक कर खाते से 84 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। जिसमें जालसाजों ने धरमपुर गांव निवासी तरुण त्यागी के खाते में रुपये ट्रांसफर किए। एजेंसी संचालक की शिकायत पर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद साइबर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
साइबर थाना पुलिस के मुताबिक लक्ष्मण विहार फेज-2 निवासी मुन्ना कुमार की धनवापुर फाटक के पास सूरज कम्यूनिकेशन के नाम से मनी ट्रांसफर एजेंसी है। बीते साल 4 दिसंबर को उसने दो ग्राहकों के लिए रुपये ट्रांसफर किए ही थे कि इतने में उनकी आंखों के सामने एक ही बार में 89 हजार 900 रुपये किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गए।
उसके मुताबिक कंप्यूटर स्क्रीन पर रुपये ट्रांसफर होते देख उसने रोकने की बहुत कोशिश की लेकिन वेबसाइट हैक कर ली गई थी। उनकी यह राशि धरमपुर गांव निवासी तरुण त्यागी के खाते में गई। इस संबंध में मुन्ना की ओर से तुरंत पुलिस को शिकायत दर्ज कराई गई। साइबर थाना पुलिस की ओर से शिकायत को जांच के लिए आर्थिक अपराध शाखा को भेज दिया गया। बृहस्पतिवार को जांच के बाद साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।