संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम।
58वीं हरियाणा राज्य विद्यालय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता 2025-26 में गुरुग्राम जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में अपनी श्रेष्ठता साबित की। जिम्नास्टिक कोच नवीन सैनी ने बताया कि गुरुग्राम से 20 खिलाड़ी राष्ट्रीय विद्यालयों खेलों के लिए चयनित हुए हैं, जिनमें 10 रिदमिक और 10 आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक शामिल हैं। इस उपलब्धि के साथ गुरुग्राम ने राज्य भर में पहला स्थान प्राप्त किया है।
आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स में उत्सवी साहू, विरल सक्षम, युग, वासु सैनी, आरना और प्रणवी ने स्वर्ण पदक जीतकर गुरुग्राम का रोशन किया है। वहीं, रिदमिक जिम्नास्टिक में सूरत, मिश्का और आनिका ने श्रेष्ठ जिम्नास्ट बनकर शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में गुरुग्राम से 20 स्वर्ण, 10 रजत और 16 कांस्य पदक जीतकर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। कोच नवीन सैनी ने कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने जिस समर्पण, मेहनत और अनुशासन के साथ खेला वह पूरे गुरुग्राम के लिए गर्व की बात है।