सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर की रिपोर्ट में खुलासा, गुरुग्राम में पीएम 2.5 प्रदूषण की मात्रा सर्वाधिक
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मिलेनियम सिटी की हवा की गुणवत्ता को लेकर जारी की गई नई सेटेलाइट आधारित रिपोर्ट में गंभीर तथ्य सामने निकलकर आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार गुरुग्राम की हवा सांस लेने लायक नहीं है। गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर 303 दर्ज पाया गया है। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर की रिपोर्ट में हरियाणा में गुरुग्राम प्रदूषण के मामले में पहले नंबर पर है। गुरुग्राम में पीएम 2.5 प्रदूषण की मात्रा सर्वाधिक पाई गई है। गुरुग्राम शहर देश में 13वां सबसे जहरीला शहर बना हुआ है यानी शहर की हवा स्थायी रूप से अब सांस लेने के लायक नहीं है।
प्रदूषण के हालात को देखते हुए अब मानेसर और गुरुग्राम नगर निगम चालान के साथ पानी के छिड़काव पर जोर दे रहे हैं। मानेसर के कई इलाकों में सड़कों की हालत जर्जर हो रखी है। धूल के उड़ने से वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से जल्द ही जर्जर सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जाएगा। वहीं रात के समय चलने वाली इंडस्ट्री को बंद किया जाएगा। नौरंगपुर इलाके में क्रशर प्लांट बंद कराया गया है।
क्या होता है पीएम 2.5
पीएम 2.5 हवा में मौजूद बहुत ही छोटे-छोटे कण होते हैं। इनका आकार 2.5 माइक्रोमीटर या इससे भी कम होता है। सामान्य शब्दों में समझें तो यह एक इंसान के बाल का औसत व्यास लगभग 50 से 100 माइक्रोमीटर माना जाता है। छोटा होने की वजह से ये कण हवा में आसानी से फैल जाते हैं और सीधे फेफड़ों और खून में पहुंच जाते हैं।
गुरुग्राम का एक्यूआई 272 और मानेसर का 331 दर्ज
गुरुग्राम। शहर में लगातार हवा की गुणवत्ता गंभीर बनी हुई है। सबसे ज्यादा हालात खराब मानेसर में बने हुए हैं। जर्जर सड़कों के कारण वाहनों के चलने से धूल उड़ रही है। कई जगह पर खुले में आग जलने की घटनाओं से शहर की हवा पर प्रभाव पड़ने लग रहा है। इस वजह से लगातार हवा जहरीली बनी हुआ है। बुधवार को गुरुग्राम का वायु गुणवत्ता सूचकांक 272 दर्ज किया गया। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार यह स्तर बेहद खराब माना जाता है। वहीं मानेसर में हवा की गुणवत्ता बुधवार को भी बहुत खराब स्थिति में दर्ज की गई। यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 331 दर्ज किया गया है। बीते एक महीने से शहर की हवा खराब बनी हुई है, जिससे लोगों को सांस से संबंधित समस्याएं सामने आ रही है। प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रेप तीन की पाबंदिया भी बेअसर दिखाई दे रही हैं। पाबंदियों के बाद भी हवा में कोई सुधार नजर नहीं आ रहा है। प्रदूषण के साथ शहर के तापमान में भी लगातार गिरावट जारी है। तापमान के गिरने से सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बुधवार को अधिकतम तापमान में माइनस 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।