साइबर थाना पुलिस की टीम ने बृहस्पतिवार देर रात को पालम विहार के रिहायशी इलाके में चल रहे फर्जी काल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कॉल सेंटर के मालिक सहित तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों को दो दिन की रिमांड पर लेकर मामले की छानबीन कर रही है।
साइबर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पालम विहार में अवैध रूप से काल सेंटर चलाया जा रहा है। जिस पर सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध इंदीवर सिंह की देखरेख में निरीक्षक बिजेंद्र सिंह के साथ टीम ने मौके पर रेड की। जहां से काल सेंटर संचालक मुकेश, समीर और तुषार को गिरफ्तार किया। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस को मौके से लैपटॉप और तीस हजार रुपये मिले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये लोग विदेश नागरिकों को अलग-अलग कंपनियों के पास फर्जी मेल भेजते थे।