गुरुग्राम में जी-20 सम्मेलन के तहत सड़क पर सजाए गए गमलों को चुराने वाला शख्स गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान मनमोहन (50) के रूप में हुई है। पुलिस ने जानकारी दी है कि उसने आरोपी के पास से चुराए गए गमले बरामद किए और वारदात में प्रयुक्त कार जब्त कर ली है।
क्या है पूरा मामला
गुरुग्राम में जी-20 शिखर सम्मेलन से ठीक एक दिन पहले एक व्यक्ति ने शहर की छवि दागदार करने का काम किया है। सम्मेलन से पहले सौंदर्यीकरण के लिए रखे गए गमलों को चोरी करने का मामला सामने आया है। यह व्यक्ति रखे गए गमलों को चोरी करके अपनी लग्जरी कार में रख रहा था।
किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया और यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) की शिकायत पर थाना डीएलएफ फेज-3 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी और उसकी गाड़ी की तलाश की जा रही है। शहर में एक मार्च से शुरू हो रहे जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले प्राधिकरण ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के दिल्ली बार्डर स्थित एंबियंस मॉल के पास सजावट के लिए फूलों के गमले रखे थे।