प्रतियोगिता में जिले से 54 खिलाड़ियों का दल शामिल हुआ, 35 स्वर्ण पदक जीते
नंबर गेम - 52 पदक जीतकर नाम किया रोशन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। कुरुक्षेत्र में 17 से 19 जुलाई तक हरियाणा राज्य सब-जूनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता (पूमसे एवं क्योरुगी) का आयोजन किया गया। इसमें जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। जिले की टीम ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करते हुए फर्स्ट विनर कप जीतकर पूरे हरियाणा में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।
प्रतियोगिता में जिले से 54 खिलाड़ियों का दल शामिल हुआ, जिसमें 27 बालक और 27 बालिकाएं थीं। खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक, अनुशासन और संघर्ष का परिचय देते हुए कुल 52 पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। जिले के खाते में 35 स्वर्ण, दो रजत और 15 कांस्य पदक आए, जिसके दम पर टीम ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
बालिका वर्ग की टीम को कोमल (किड स्कूल), निशा (सत्या स्कूल), वेदिका और अवंतिका ने प्रशिक्षित किया, जबकि बालक वर्ग की टीम का नेतृत्व कोच पवन कुमार, शुभम कुमार, विमल कुमार, योगेश और दीपक कोसली ने किया। कोचों के कुशल प्रशिक्षण और रणनीति के कारण खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।
गुड़गांव स्पोर्ट्स क्लब एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश चंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
वहीं, जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी मनोज कुमार राय ने कहा कि गुड़गांव के खिलाड़ी लगातार प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यही खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।