कोई हताहत नहीं, फायर ब्रिगेड ने समय रहते काबू पाया
पटौदी। नगरपरिषद के जाटौली स्थित राजकीय महाविद्यालय के प्रांगण में खुले मैदान में घास-फूस में अचानक आग लग गई। आग काफी दूर तक फैल गई, लेकिन समय रहते फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई कर आग को काबू में कर लिया। गनीमत यह रही कि आग महाविद्यालय की बिल्डिंग तक नहीं पहुंची और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. ज्योत्सना गुलाटी ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में महाविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम होने वाला है। इसके लिए प्रांगण के स्टेज के पास सफाई करवाई जा रही थी। इसी दौरान दोपहर में घास-फूस में आग लग गई। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई और उन्होंने आग को काबू में कर लिया। इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। डॉ. गुलाटी ने बताया कि सफाई कर्मियों से पूछताछ कर कारण जानने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा कि महाविद्यालय प्रांगण में आग कैसे लगी। संवाद