मानसून से पहले जीएमडीए की टीम ने अंडर पास का किया मॉक ड्रिल
जल निकासी की खामियों के लिए संबंधित विभागों को दी गईरखरखाव की जिम्मेदारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मानसून आने से पहले जीएमडीए ने शहर के 14 अंडरपास में ड्रेनेज नेटवर्क और पंपिंग मशीनरी की क्षमता की जांच के लिए मॉक ड्रिल किया। जीएमडीए द्वारा सुरक्षित मानसून सुनिश्चित करने के लिए चल रही पहल के हिस्से के रूप में एनएचएआई और डीएलएफ के समन्वय में यह मॉक ड्रिल किया है।
इन अंडरपास में पंपिंग मशीनरी पूरी तरह से काम करने की स्थिति में मिली खामियों को देखते हुए संबंधित विभाग को उसके रखरखाव या मरम्मत कार्य की जिम्मेदारी दी गई है। इसके चलते नगर निगम के अधिकारियों को समय से काम पूरा करने को कहा गया है। यह मॉक ड्रिल राजीव चौक और मेदांता अंडरपास में की गई। जिन अंडरपासों में ड्रिल की गई, उनमें एंबियंस मॉल, शंकर चौक, इफको चौक मेट्रो स्टेशन से एमजी रोड, सिग्नेचर टावर, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, मेदांता रोड, डीएलएफ साइबर सिटी में दोनों यू-टर्न अंडरपास, सिकंदरपुर, डीएलएफ फेज 1, जेनपैक्ट, अतुल कटारिया चौक, महावीर चौक और हुडा सिटी सेंटर शामिल है।जीएमडीए ने मॉक ड्रिल के अलावा, बाढ़ की तैयारी के उपायों के तहत, बरसाती नालों और पानी की नालियों की सफाई , नालियों और अतिरिक्त पानी की नालियों का निर्माण, पंपिंग मशीनरी की स्थापना, बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना भी की जा रही है।