ग्रीन बेल्ट पर मीट की दुकान लगवाने के बदले मांग रहा था पांच हजार रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। ग्रीन बेल्ट में मीट की दुकान लगाने के बदले में पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाले जीएमडीए के सहायक प्रबंधक को राज्य चौकसी ब्यूरो की टीम ने काबू कर लिया है। आरोपी ने दुकान लगाने के बदले में हर माह यह पांच हजार रुपये दिए जाने की मांग की थी। टीम ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां पर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।
ब्यूरो के प्रवक्ता जितेंद्र कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति ने शिकायत देकर कहा था कि वह सेक्टर-90 चौक पर मीट की दुकान चलाता है। ग्रीन बेल्ट में होने के कारण उसे जीएमडीए के अधिकारियों द्वारा रुपयों की मांग की जा रही है। ब्यूरो ने टीम गठित कर शिकायतकर्ता को अधिकारी से डील करने के लिए कहा। तय सौदे के मुताबिक शिकायतकर्ता ने जब सहायक प्रबंधक को पांच हजार रुपये की रिश्वत दी तो ब्यूरो की टीम ने उसे शुक्रवार को देर रात काबू कर लिया और उसके खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया था।