गुरुग्राम। निजी कंपनी में कार्यरत युवती ने डॉक्टर पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म व मारपीट करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि विरोध जताने पर आरोपी ने शादी का वादा किया जिसके अगले ही दिन वह मुकर गया। कालका पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की। गुरुग्राम पुलिस के पास कॉपी आने पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
मूलरूप से कालका निवासी 27 वर्षीय युवती गुरुग्राम स्थित निजी कंपनी में कार्यरत है। वह सेक्टर-47 के एक पीजी में रहती है। जनवरी में फेसबुक के माध्यम से उसकी दोस्ती सेक्टर-10 निवासी अतुल नामक युवक से हुई जिसने खुद को डॉक्टर बताया।
युवती का आरोप है कि दोनों के बीच गहरी दोस्ती के बाद डॉक्टर ने शादी का वादा किया। उसने बताया कि 17 जुलाई को आरोपीपीजी में आया और नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। नशे की हालत में युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की जिसमें उसे कई जगह चोटें आई हैं। घटना के बाद वह अपने घर कालका चली गई। आरोप है कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए शादी से इनकार कर दिया।