गुरुग्राम। ओल्ड खांडसा रोड पर सीवर ओवरफ्लो होने के कारण पूरा पानी सड़क पर भर गया और सेक्टर-10ए में बहने लगा। इस कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इलाके के लोगों ने इसकी शिकायत जीएमडीए को दी तो उसने सीवर लाइन निगम की बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया। पानी जब ज्यादा ओवरफ्लो होकर लोगों के घरों में घुसने लगा तो स्थानीय पार्षद ने इसकी शिकायत निगमायुक्त से की। इसके बाद नगर निगम के अतिरिक्त निगमायुक्त अमरदीप जैन, संयुक्त आयुक्त सतीश यादव, मुख्य अभियंता रमन शर्मा ने मौके का मुआयना किया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर की मुख्य सीवर लाइन में जीएमडीए ने इस सड़क की सीवर लाइन को नहीं जोड़ा। जबकि सड़क की मुख्य सीवर लाइन जीएमडीए के दायरे में आती है। जीएमडीए के अधिकारियों की लापरवाही के कारण सेक्टर-10ए के लोगों को जलभराव व सीवर के गंदे पानी से भारी परेशानियां उठानी पड़ रही है। लोगों की समस्या को देखते हुए निगम अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और लोगों की समस्याओं को सुना। जब नाले को लेकर जीएमडीए के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने यह सीवर लाइन व बरसाती नाला अपने विभाग का नहीं होने के बात कही। सीवर का पानी ज्यादा ओवरफ्लो होता देख निगम के मुख्य अभियंता ने सीवर लाइन की सफाई के साथ इसको मुख्य लाइन से जोड़ने के आदेश दिए। जबकि शहर की सभी मुख्य सीवर लाइनें, बरसाती नाले, मुख्य सड़कें जीएमडीए के दायरे में आती है। नगर निगम के पास सिर्फ सेक्टर व कॉलोनियों की अंदर की सीवर लाइन व सड़कें आती है।