गुरुग्राम। जिले में कोरोना के प्रसार को देखते हुए मंडल आयुक्त अशोक सांगवान की अगुवाई में प्रशासन एक सॉफ्टवेयर तैयार कर रहा है, जिसके जरिए एक क्लिक पर कोरोना संबंधी सभी जानकारियां मिलेंगी। इससे कोरोना मरीजों की जानकारी तो मिलेगी ही, साथ ही आवश्यकता के मुताबिक प्रशासन व्यवस्थाओं में भी तब्दीली करेगा। इसकी कमान मंडलायुक्त के हाथ में होगी।
पिछले दिनों मंडलायुक्त अशोक सांगवान ने पीपीटी के जरिए सॉफ्टवेयर की विस्तार से जानकारी भी प्राप्त की थी। सूत्रों के मुताबिक, अगले एक सप्ताह में ऑनलाइन सॉफ्टवेयर की लांच किए जाने की संभावना है। इसके जरिए प्रशासन के पास मरीजों की संख्या, अस्पतालों में खाली बेड की संख्या, गंभीर मरीजों की स्थिति, हॉटस्पॉट जोन आदि जानकारी उपलब्ध रहेगी। वहीं, मरीज भी ऑनलाइन अस्पतालों की जानकारी लेकर अपनी सुविधानुसार इलाज करा सकेंगे।
सॉफ्टवेयर तैयार होने के बाद ही मरीजों की संख्या के हिसाब से आइसोलेशन सेंटर व कोविड केयर सेंटर बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी। प्रशासन से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक सॉफ्टवेयर की लांचिंग के बाद प्रशासन के द्वारा बाकायदा प्रशिक्षण भी शुरू किया जाएगा। इसके लिए एमसीजी कार्यालय का चयन किया गया है। पिछले दिनों प्रजेंटेशन के दौरान मंडलायुक्त ने तमाम अहम सुझाव दिए थे, जिसको सॉफ्टवेयर में शामिल किया जाएगा। प्रशासन की तरफ से कुछ दिन पहले भी इस तरह का एक पोर्टल भी बनाने की घोषणा की जा चुकी है। हालांकि, उसके क्रियान्वयन को लेकर अब तक कोई खास जानकारी नहीं दी गई है।