भारत-जर्मनी सहयोग को मिली नई दिशा, जर्मन प्रतिनिधिमंडल ने स्किलसर्व अकादमी और डाबाद ऑटोमोटिव का किया दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। भारत और जर्मनी के बीच बढ़ते औद्योगिक एवं कौशल विकास सहयोग को आगे बढ़ाते हुए जर्मनी के थ्यूरिंगिया राज्य के एक प्रतिष्ठित व्यावसायिक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुग्राम स्थित स्किलसर्व अकादमी और डाबाद ऑटोमोटिव का दौरा किया। 20 से अधिक जर्मन कंपनियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने इस यात्रा में भाग लिया, जिसका उद्देश्य भारत की औद्योगिक क्षमताओं, कौशल विकास पहलों और संभावित साझेदारी के अवसरों को समझना था।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने डाबाद ऑटोमोटिव की अत्याधुनिक विनिर्माण सुविधाओं का अवलोकन किया और स्किलसर्व अकादमी द्वारा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किए जा रहे कुशल मानव संसाधन मॉडल की जानकारी प्राप्त की। दोनों पक्षों के बीच उन्नत विनिर्माण, इंडस्ट्री 4.0, तकनीकी नवाचार, कौशल विकास और भविष्य के सहयोग के अवसरों पर सार्थक चर्चा हुई। यह दौरा भारत और जर्मनी के बीच ज्ञान साझेदारी, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विकास के नए अवसरों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।