कांग्रेस कार्यालय से अस्पताल स्थल तक निकाला पैदल मार्च, सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। प्रस्तावित सरकारी अस्पताल के निर्माण में हो रही देरी के विरोध में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। गुरुग्राम मांगे सरकारी अस्पताल अभियान के तहत कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय से पुराने नागरिक अस्पताल स्थल तक पैदल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जनता पूछ रही है कि कब बनेगा सरकारी अस्पताल और गरीब मरीजों का बुरा हाल, कब बनेगा सरकारी अस्पताल जैसे नारे लगाकर अस्पताल निर्माण में हो रही देरी पर सवाल उठाए।
पंकज डावर ने कहा कि गुरुग्राम जैसे बड़े और तेजी से विकसित हो रहे शहर में आज तक एक पूर्ण विकसित सरकारी अस्पताल का निर्माण नहीं होना सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद कई बार अस्पताल स्थल का दौरा कर चुके हैं और बड़े-बड़े दावे कर चुके हैं। अस्पताल का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। जिला प्रधान ने कहा कि शहर में निजी अस्पतालों की संख्या तो काफी है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे में गरीब मरीजों को या तो महंगे निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है या फिर इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है।ट
आरोप-जमीन उपलब्ध नहीं होने कारण आगे नहीं बढ़ी परियोजना
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अस्पताल निर्माण के लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध होने के बावजूद परियोजना आगे नहीं बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और औद्योगिक विस्तार को देखते हुए गुरुग्राम में आधुनिक सरकारी अस्पताल की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि अस्पताल निर्माण के लिए जल्द बजट जारी किया जाए, टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और निर्माण कार्य की स्पष्ट समयसीमा घोषित की जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।
इस मौके पर पर्ल चौधरी, सुनीता सहरावत, सीमा पाहुजा, सूबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा कटारिया, सुशील सहरावत, विकास हुड्डा, भोले गुज्जर, राजेश यादव, परविंदर कटारिया, संतोख सिंह, अरुण शर्मा, सुनील चौहान, रमाकांत शर्मा, संजय भाटिया, अब्दुल मलिक, भूपेश शुक्ला, ललित चावरिया, रमेश सहरावत समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।