लोगों को मिलेगी सुविधा, परियोजना पर लगभग सात करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर के गांव गढ़ी हरसरू में लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए निगम ने गढ़ी से बसई जाने वाले रोड के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी है। यह सड़क सीमेंट कंक्रीट (सीसी) ब्लॉक से बनाई जाएगी, जिससे यह अधिक मजबूत और लंबे समय तक टिकाऊ रहेगी।
यह मार्ग परीना कोबान सोसाइटी के पास स्थित जीएमडीए रोड तक बनाया जाएगा। इसके आगे का निर्माण कार्य नगर निगम गुरुग्राम द्वारा किया जाएगा, ताकि पूरे मार्ग का विकास एक साथ हो सके और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिले। इस परियोजना पर कुल लगभग 7 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें सड़क निर्माण पर करीब 2.50 करोड़ रुपये और फुटपाथ, नाले व यूटिलिटी डक्ट के निर्माण पर लगभग 4.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
सड़क के दोनों ओर पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ बनाए जाएंगे, जिससे लोगों को सुरक्षित चलने की सुविधा मिलेगी। साथ ही बारिश और गंदे पानी की निकासी के लिए नालों का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि जलभराव की समस्या न हो। इसके अलावा बिजली, पानी और अन्य जरूरी सेवाओं की लाइनें व्यवस्थित रखने के लिए यूटिलिटी डक्ट बनाए जाएंगे। इससे भविष्य में किसी भी विभाग को बार-बार सड़क खोदने की जरूरत नहीं पड़ेगी और सड़क लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी।
क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। गांव में सड़क निर्माण, गंदे पानी की निकासी, सीवर लाइन व अन्य विकास कार्य भी अब तेजी से कराएं जाएंगे। -जुगमिंदर, पार्षद वार्ड नंबर-1, नगर निगम मानेसर
इस परियोजना पर कुल लगभग 7 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें सड़क निर्माण पर करीब 2.50 करोड़ रुपये और फुटपाथ, नाले व यूटिलिटी डक्ट के निर्माण पर लगभग 4.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। -सुशील ठाकरान, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम मानेसर