फिरोजपुर झिरका। चोपड़ा बाज़ार में मंगलवार को आयुष विभाग द्वारा एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें क्षेत्र के लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। यह जानकारी संस्था के प्रधान महेंद्र कौशिक ने दी।
महेंद्र कौशिक ने बताया कि शिविर में आयुर्वेदिक एवं होमियोपैथिक विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की जांच की जाएगी तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया जाएगा। इसके साथ ही बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव तथा खानपान संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी लोगों को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आजकल मौसम परिवर्तन के कारण सर्दी, जुकाम, बुखार एवं अन्य मौसमी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं, इसलिए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। संस्था की ओर से क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। संवाद