गुरुग्राम। सबसे पॉश सिविल लाइंस क्षेत्र में शुक्रवार सुबह चार युवक एक युवती को चलती कार से धक्का देकर फरार हो गए। युवती दोस्तों के साथ कहीं से पार्टी कर लौट रही थी, वह नशे में धुत थी। उसके कपड़े भी अस्तव्यस्त थे। सड़क पर उसे देख, सुबह की सैर पर निकले लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवती को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पूछताछ में उसने बताया कि वह डीएलएफ क्षेत्र की रहने वाली है और रातभर एक पार्टी में थी। सुबह दोस्तों के साथ उनकी कार से घर लौट रही थी। उसने किसी के खिलाफ पुलिस में शिकायत नहीं दी है। उधर, युवती को चलती कार से धक्का देने का वीडियो वायरल हो गया है।
सिविल लाइंस क्षेत्र में सुबह की सैर करने के लिए कुछ लोग घर से निकले थे। इस दौरान तेज रफ्तार से आ रही दो कारों की रफ्तार अचानक कम हो गई। एक कार में सवार युवक, एक युवती को कार से धक्का देने लगे। चंद सेकेंड में युवती कार से सड़क पर गिर गई। वह नशे की हालत में लड़खड़ाती हुई फिर से कार में बैठने का प्रयास करने लगी, लेकिन कार सवार युवकों ने उसे दोबारा धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और फरार हो गए। इसके बाद युवती बदहवास होकर सड़क पर लेट गई।
कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाया और कुछ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवती को नजदीक के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में युवती ने बताया कि वह डीएलफ क्षेत्र की रहने वाली है। रातभर दोस्तों के साथ पार्टी कर घर लौट रही थी। उसने शराब पी रखी थी। इसके चलते वह चलती कार से गिर गई। पुलिस का कहना है कि युवती ने किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी है। पुलिस इस मामले के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
---------------------