शहर में चल रहा मेट्रो का कार्य। फाइल
सेक्टर-9 से साइबर सिटी तक सीवर, पानी, गैस और बिजली की लाइनें होंगी शिफ्ट
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे चरण के निर्माण से पहले यूटिलिटी शिफ्टिंग की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके लिए चार कंपनियों ने रूचि दिखाई है। जल्द ही इनमें से एक एजेंसी को काम सौंपा जाएगा। एजेंसी को सेक्टर-9 से साइबर सिटी तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर में सीवर, पानी, गैस और बिजली की लाइनों को शिफ्ट करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) की ओर से मेट्रो निर्माण से पहले यूटिलिटी शिफ्टिंग और यातायात प्रबंधन की तैयारी की जा रही है। दूसरे चरण में सेक्टर-9 से आगे सेक्टर-7 होते हुए साइबर सिटी तक मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण होना है। इसके लिए 1662.53 करोड़ रुपये का टेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 और बसई से सेक्टर-101 तक मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान मेट्रो निर्माण के साथ ही यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम किए जाने से निर्माण प्रभावित होने की स्थिति सामने आई है। इसे देखते हुए दूसरे चरण में निर्माण शुरू होने से पहले ही सीवर, पानी, गैस और बिजली की लाइनों को शिफ्ट करने की तैयारी है, ताकि निर्माण के दौरान बाधा न आए और काम निर्धारित समय पर पूरा हो सके। इसक लिए करीब 62.25 करोड़ का टेंडर जारी किया गया था।
गुरुग्राम मेट्रो परियोजना : नए एमडी ने समीक्षा की
गुरुग्राम। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) के नवनियुक्त प्रबंध निदेशक अजय कुमार ने मेट्रो परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बीते शुक्रवार और शनिवार को गुरुग्राम में अधिकारियों से मुलाकात की। अजय कुमार ने निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं और आगामी योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने परियोजना के तहत जारी होने वाले विभिन्न टेंडरों की स्थिति भी जानी। जीएमआरएल के सामने कई महत्वपूर्ण कार्य हैं। इनमें विभिन्न हिस्सों के टेंडर जारी करना, डिपो निर्माण और मेट्रो कोच खरीदने की प्रक्रिया शामिल है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण चल रहा है। दूसरे चरण में सेक्टर-9 से साइबर सिटी तक मेट्रो का विस्तार किया जाएगा। ब्यूरो