महावीर चौक पर बने फुटपाथ पर लोगों का कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राहगीरों के लिए चलने वाले फुटपाथ पर झुग्गी-झोपड़ी बनाकर कब्जा कर लिया गया है। फुटपाथ पर कब्जा होने से राहगीर सड़क पर चलने के लिए मजबूर हैं। सड़क पर चलने से कई बार हादसे के शिकार भी हो जाते हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने एक मामले की सुनवाई करते हुए आदेश दिया है कि 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के सभी फुटपाथ के निरीक्षण किए जाएं। 2023 में 35 हजार से ज्यादा राहगीरों ने हादसों में जान गंवाई है। सेक्टर-14, अग्रसेन चौक, राजकीय महिला कॉलेज सेक्टर-14, सिटी थाने से लेकर पुलिस लाइन तक फुटपाथ की हालत खराब है। जहां फुटपाथ पर राहगीर चल सकते हैं वहां पर ऑटो चालक रास्ता रोक कर खड़े होते हैं और कुछ जगहों पर तो रेहड़ी पटरी लगाकर रास्ता रोका हुआ है। महावीर चौक पर बने फुटपाथ पर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। सेक्टर-14 की सड़कों पर तो फुटपाथ ही नहीं है। ऐसे में राहगीरों को सड़क पर चलना पड़ता है।