पत्नी के लिए दवाई लेने गए थे, पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-40 थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार व लापरवाही से साइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग को गंभीर चोटें लगने के कारण मौत हो गई। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
मृतक की पहचान झांसी (उत्तर प्रदेश) के पुरुवा गांव निवासी महेश कुमार (61 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक के बेटे धर्मेंद्र ने बताया कि उसके पिता साउथ सिटी-1 में गार्ड थे। वह साइकिल से सेक्टर-40 मार्केट से पत्नी के लिए दवाई लेने गए थे। इसी दौरान सेक्टर-40 में अज्ञात वाहन ने साइकिल को टक्कर मार दी। राहगीराें ने घायल महेश को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
डाॅक्टरों ने महेश कुमार का मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सेक्टर-40 थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया और घटनास्थल की छानबीन की। जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जाएगी।