गुरुग्राम। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में राज्य की संस्कृति और राज्य सरकार के कार्यक्रमों की झलक दिखाई देगी। ताऊ देवी लाल स्टेडियम में रविवार को समारोह की तैयारी के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। इसमें स्कूली बच्चों ने सूर्य नमस्कार की आकर्षक प्रस्तुति दी। उसके बाद हरियाणा और तेलंगाना के लोकनृत्य पेश किए।
जिले के उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान भव्य परेड की सलामी ली। इस दौरान गुरुग्राम पुलिस के संयुक्त आयुक्त कुलविंदर भी मौजूद थे। इस मौके पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जैकबपुरा के विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता आदि विषयों पर रागनी के माध्यम से विभिन्न सामाजिक मुद्दों व कार्यक्रमों के प्रति आमजन में जागरूकता लाने का प्रयास किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में एक अन्य प्रस्तुति राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुशांतलोक के विद्यार्थियों ने दी। उन्होंने तेलंगाना व हरियाणा के लोक नृत्य का मिलाजुला स्वरूप प्रस्तुत किया।
लेजियम और डंबल शो पेश किए
रिहर्सल में गुरु नानक स्कूल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय काजीपुर के बच्चों ने लेजियम व डंबल शो किया। राजकीय विद्यालय 4/8 मरला के बच्चों ने भी प्रस्तुति दी। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इस्लामपुर के बच्चों ने सूर्य नमस्कार पर आकर्षक प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त प्रशांत पंवार, नगराधीश सिद्धार्थ दहिया, जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदु बोकन, सहायक शिक्षा अधिकारी जगदीश, सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग के संयुक्त निदेशक आरएस सांगवान भी उपस्थित थे।
ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिले स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को कोरोना महामारी के कारण गत वर्षों की तुलना में इस बार संक्षिप्त रखा है। समारोह में परेड टुकड़ियों का नेतृत्व एसीपी उषा करेगी, जबकि मार्चपास्ट पर बैंड की धुन आरटीसी भोंडसी की ओर से दी जाएगी।