सेक्टर-9 से उद्योग विहार मेट्रो रूट पर बनेंगे अंडरपास, 350 करोड़ होंगे खर्च
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण में शहर में पांच अंडरपास का निर्माण गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) की ओर से कराया जाएगा। अंडरपासों (ग्रेड सेपरेटर) की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट अब जीएमआरएल की ओर से तैयार कराई जाएगी। इस पर करीब 350 करोड़ की लागत आएगी। इससे लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
जीएमआरएल की ओर से मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक 28.5 किलोमीटर मेट्रो निर्माण के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। पहले चरण में मिलेनियम सिटी से सेक्टर नौ तक सिविल वर्क के लिए 1286 करोड़ का टेंडर जारी किया गया है। मेट्रो के पहले चरण में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) का बख्तावर चौक अंडरपास निर्माण कार्य आ रहा है। जिसकी जिम्मेदारी जीएमडीए ने जीएमआरएल को सौंप दी है। करीब 80.45 करोड़ रुपये की लागत से इस कार्य को अब मेट्रो के साथ किया जाएगा। मेट्रो के दूसरे चरण में आने वाले पांच अंडरपास निर्माण के लिए हाल में सीएम नायब सिंह की अध्यक्षता में हुई जीएमडीए बोर्ड बैठक में चर्चा की गई। इसमें निर्णय लिया गया कि पांचों अंडरपासों का निर्माण और डीपीआर संबंधी कार्य जीएमआरएल की ओर से होगा। जीएमआरएल की सिस्ट्रा एजेंसी पांचों अंडरपास का डीपीआर तैयार करेगी।
जीएमडीए निर्माण लागत जीएमआरएल को देगा। एक ही एजेंसी के पास कार्य होने से मेट्रो के साथ इसका निर्माण जल्द हो सकेगा। जीएमआरएल के अनुसार बोर्ड बैठक में मंजूरी का पत्र मिलते ही पांचों का डीपीआर तैयार कराने का काम शुरू कराया जाएगा। जिससे टेंडर जारी करने के दौरान मेट्रो निर्माण के साथ अंडरपासों को भी शामिल किया जा सके। जीएमआरएल पहले मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर 47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टर-72 ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज- 6, सेक्टर-10, सेक्टर-37, बसई गांव व सेक्टर-9 तक निर्माण कार्य कराएगा। दूसरे चरण में सेक्टर 7, सेक्टर 4, सेक्टर-5, अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर-23ए, सेक्टर-22, उद्योग विहार फेज-4, उद्योग विहार फेज-5 व साइबर सिटी में स्टेशन शामिल है।
इन जगहों पर बनेंगे अंडरपास
सेक्टर 3ए/4/5 में रेलवे रोड चौक, रेलवे रोड के साथ सेक्टर-5 जंक्शन से शीतला माता रोड (वन वे), बजघेड़ा रोड से सेक्टर 5 (वन वे) के साथ कृष्णा चौक, रेजांगला चौक, पालम विहार रोड से उद्योग विहार तक पुरानी दिल्ली रोड और पालम विहार रोड जंक्शन पर काम होने हैं। पांचों के निर्माण की अनुमानित लागत करीब 350 करोड़ रुपये है। इनके बनने से पुराने शहर के लोगों को जाम से राहत मिलेगी। वहीं उमंग भारद्वाज चौक पर फ्लाई ओवर का निर्माण एनएचएआई द्वारा कराया जाना है।