फर्जी मालिक बनकर गुरुग्राम कोर्ट में दावा किया पेश, हड़पे पांच करोड़ रुपये
फर्जी कागजात तैयार करके महाराष्ट्र में खुलवाया था बैंक खाता
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सिटी की सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर अधिग्रहीत जमीन के पांच करोड़ रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने ठग गैंग का भंडाफोड़ किया है। एक आरोपी ने फर्जी मालिक बनकर गुरुग्राम कोर्ट में दावा पेश किया था। आरोपियों ने फर्जी कागजात तैयार करके महाराष्ट्र में बैंक खाता खुलवाकर 4,97,29,534 रुपये और इसके ब्याज की राशि 15,19,000 रुपये रिलीज करवाए थे। इस मामले में गुरुग्राम पुलिस की एसआईटी गठित करके जांच कराई गई।
अपराध शाखा सेक्टर-31 की पुलिस ने फर्जीवाड़े को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनसे 69,65,000 रुपये, तीन मोबाइल, एक आधार कार्ड, दो निर्वाचन आयोग पत्र और एक कार बरामद हुई है। पांचों आरोपियों को अदालत के आदेशानुसार जेल भेजा जा चुका है। आरोपियों की पहचान दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी तुषार उर्फ काकू (21 वर्ष), दिल्ली के महरौली निवासी कृष्ण कुमार उर्फ फर्जी ब्रह्मप्रकाश (50 वर्ष), दिल्ली के सनराईज अपार्टमेंट सेक्टर-23 निवासी दिनेश कश्यप उर्फ राठौर (38 वर्ष), कोरबा (छत्तीसगढ़) के मोह लाइन भाटा कटघेरा निवासी पंकज कुमार केला उर्फ धर्म (47 वर्ष) और मुंगेली (छत्तीसगढ़) के सरदार पटेल वार्ड निवासी सुशील कुमार दरड़ा उर्फ बाल सिंह (48 वर्ष) के रूप में हुई है।
इस तरह किया फर्जीवाड़ा
आरोपियों से पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी दिनेश प्रोपर्टी डीलर का काम करता है। आरोपियों ने मिलकर फर्जीवाड़ा करके रुपयों की ठगी करने की योजना बनाई। योजनानुसार आरोपी कृष्ण फर्जी ब्रह्मप्रकाश जमीन मालिक बना, जबकि आरोपी तुषार व दिनेश ने फर्जी ब्रह्मप्रकाश के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कराए। इनके आधार पर नागपुर (महाराष्ट्र) में ब्रह्मप्रकाश के नाम से बैंक में खाता खुलवाया। उसके बाद आरोपियों द्वारा मुआवजा क्लेम करने के लिए अदालत में केस दायर किया गया। फर्जी दस्तावेज के आधार पर आरोपियों ने फर्जी तरीके से मुआवजे की राशि 4,97,29,534 रुपये और ब्याज की राशि 15,19,000 रुपये फर्जी ब्रह्मप्रकाश के नागपुर (महाराष्ट्र) वाले बैंक खाते में डीडी के माध्यम से रिलीज करा लिए। इनमें आरोपी दिनेश को 1.90 करोड़ रुपये, आरोपी सुशील व पंकज को 25 लाख रुपये, आरोपी तुषार को 9 लाख रुपये और अन्य आरोपियों ने आपस में बांट लिए थे।
आरोपियों पर दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि आरोपी तुषार पर पॉक्सो एक्ट के तहत एक मामला दिल्ली में दर्ज है। आरोपी दिनेश पर जालसाजी करने के तहत एक मामला दिल्ली में व एक मामला राजस्थान में दर्ज है। आरोपी पंकज पर जालसाजी करने, फर्जी दस्तावेज बनाने के तहत तीन मामले गुरुग्राम में दर्ज हैं। जबकि आरोपी सुशील पर जालसाजी करने के तहत एक मामला गुरुग्राम में दर्ज है।
क्या था मामला
29 जनवरी 2025 को अदालत से गुरुग्राम पुलिस को मिले पत्र में जानकारी दी गई कि एक युवक ने जमीन का मालिक बनकर अदालत में में फर्जी दस्तावेज पेश किए। इनके माध्यम से सरकार द्वारा अधिग्रहण की गई जमीन की राशि को फर्जी बैंक खाते में रिलीज करवा लिए। पुलिस ने मामले की जांच करके अदालत के आदेश पर शिवाजी नगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।