मानेसर। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित बिलासपुर चौक के पास कार सवार आधा दर्जन बदमाशों ने ट्रक चालक को रुकवाकर गोली मार दी और 1600 रुपये छीनकर फरार हो गए। थाना बिलासपुर पुलिस ने अज्ञात कार सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश जिला फिरोजाबाद के गांव पंडात निवासी ट्रक चालक सिलेंद्र ने बताया कि शनिवार को सुबह वह दिल्ली से कोटपुतली के लिए चला था। जब वह बिलासपुर चौक के पास पहुंचा, तो कार में सवार चार-पांच अज्ञात युवकों ने गाड़ी आगे लगाकर ट्रक को रुकवा लिया और ऊपर चढ़ गए। एक युवक ने सिर पर कट्टे के बट से वार कर दिया जबकि दूसरा युवक ट्रक चलाने लगा। इसी दौरान वह ट्रक से कूद कर भाग गया। तभी तीसरे युवक ने फायर कर मेरी कमर व छाती मेें गोली मारी, जो पार निकल गई। जिसके बाद पीड़ित को गुरुग्राम अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल कराया, जहां पर उसका उपचार चल रहा है। मामले के इंचार्ज एएसआई अजीत ने बताया कि पीड़ित ट्रक चालक के ब्यान पर अज्ञात आधा दर्जन युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बिलासपुर चौक स्थित हाईवे पर होटलों व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर जल्द ही बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।