डीएलएफ फेज-1 थाना क्षेत्र में बीते शुक्रवार की रात हथियारबंद दो बदमाशों ने सेक्टर-10 अपराध शाखा में तैनात हेड कांस्टेबल पर फायरिंग की है। हालांकि हवा में फायर करने से हेड कांस्टेबल को गोली नहीं लगी है। एक सूचना के आधार पर हेड कांस्टेबल ब्रिस्टल चौक के पास चिकन कॉर्नर पर बदमाशों को पकड़ने के लिए गया था। हेड कांस्टेबल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू की है।
सेक्टर-10 अपराध शाखा में तैनात हेड कांस्टेबल दलजीत को बीते शुक्रवार की रात सूचना मिली थी कि ब्रिस्टल चौक के पास दो युवक बाइक पर आने वाले हैं। इन बाइक सवार युवकों के पास अवैध हथियार होंगे। सिविल वर्दी में हेड कांस्टेबल दलजीत ब्रिस्टल चौक के पास चिकन कॉर्नर पर पहुंचकर बाइक सवारों का इंतजार करने लगा।
इसी दौरान करीब 11.15 बजे बाइक पर एक युवक आया तो मुखबिर ने हेड कांस्टेबल दलजीत को इशारा करके बदमाश के बारे में बताया। जब हेड कांस्टेबल ने बाइक सवार युवक से पूछताछ शुरू की तो उसका दूसरा साथी भी पहुंच गया और देसी पिस्टल निकालकर कांस्टेबल को धमकी देने लगा। जब हेड कांस्टेबल ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताया कि बदमाश दो हवाई फायर करते हुए भाग गए। हेड कांस्टेबल ने इस वारदात के बारे में पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। अभी बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है।
डीएलएफ फेज-1 थाने के प्रभारी राजेश ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल दलजीत की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही फायरिंग करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Mock Drill: सायरन बजना शुरू, भूकंप और औद्योगिक आपदा से बचाव को लेकर दिल्ली-एनसीआर में मॉक ड्रिल