गुरुग्राम। अरावली की पहाड़ियों में सोमवार दोपहर करीब 1 बजे अचानक आग लग गई, जिसने तेज हवाओं के चलते देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। हवा के कारण लपटें दूर-दूर तक फैल गईं, जिससे बड़ी संख्या में पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और करीब 2 बजे जेक गाड़ी मौके पर भेजी गई। खड़ी पहाड़ियों और दुर्गम रास्तों के कारण दमकल वाहनों को कई स्थानों तक पहुंचने में कठिनाई हुई। ऐसे में दमकलकर्मियों को पैदल चढ़ाई कर आग बुझाने का कार्य करना पड़ा। आग बुझाने के अभियान में स्थानीय ग्रामीणों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पानी और अन्य संसाधनों के जरिए दमकलकर्मियों का सहयोग किया। लगातार प्रयासों के बाद शाम करीब 7 बजे आग पर काबू पा लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मियों में इस तरह की घटनाएं हर साल बढ़ रही हैं, जिससे अरावली का हरित क्षेत्र प्रभावित हो रहा है और वन्य जीवों पर भी खतरा मंडरा रहा है। फिलहाल क्षेत्र में निगरानी जारी है। दमकल विभाग के अधिकारी मामचंद शर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर दोपहर में दो बजे फायर ब्रिगेड भेज दी गई थी। संवाद