प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा, कोई हताहत नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-103 स्थित इंडिया बुल्स सोसाइटी की 10वीं मंजिल के फ्लैट में सोमवार की दोपहर करीब 1.15 बजे आग लग गई। साेसाइटी के अन्य फ्लैटों में रहने वाले लाेगों ने फ्लैट में आग लगने की सूचना मेंटेनेंस टीम को दी। आग पर टीम ने अपने स्तर पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन ज्यादा आग लगी होने के कारण फायर विभाग को दोपहर करीब 1.30 बजे सूचना दी।
भीमनगर फायर स्टेशन के अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि सोमवार की दोपहर को इंडिया बुल्स सोसाइटी की 10वीं मंजिल के फ्लैट नंबर-101 में आग लगने की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद ही भीमनगर फायर स्टेशन की एक दमकल गाड़ी मौके पर भेज दी गई। दमकल टीम के कर्मचारियों ने इमारत में लगे पाइपों से फ्लैट में पानी का छिड़काव किया। समय रहते फ्लैट में लगी आग पर काबू पाए जाने से आग दूसरे फ्लैट तक नहीं पहुंच सकी और एक बड़ा हादसा होने से टल गया। इस घटना में फ्लैट के अंदर रखे फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित अन्य सामान जल गया। आग लगने की घटना के समय फ्लैट बंद था और मालिक अमित ऋषि अपने परिवार के साथ उस समय सोसाइटी में मौजूद नहीं थे।
फायर अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि फायरमैन ने अन्य कर्मचारियों के साथ मुख्य गेट तोड़कर फ्लैट के अंदर प्रवेश किया और आग पर काबू पाने का कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में फ्लैट में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत होता है। जांच के बाद ही फ्लैट में आग लगने का सही कारण पता चल सकेगा और इससे फ्लैट में रखा सामान जलने के नुकसान का आकलन हो सकेगा। फ्लैट के मालिक अमित ऋषि एक मल्टीनेशनल कंपनी में सीनियर मैनेजर हैं। वे पिछले कई दिन से यहां नहीं है।