दुकानदार का दावा- लाखों रुपये का सामान जला
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। पटौदी रोड पर मंगलवार दोपहर एक कबाड़ की दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगने से लाखों रुपये का प्लास्टिक कबाड़ जलकर राख हो गया, लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। समय रहते दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल सका है।
दमकल विभाग के अनुसार, शाम 5 बजे के करीब उन्हें सूचना मिली कि पटौदी रोड स्थित जाट चौक पर एक कबाड़ की दुकान में आग लगी है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें बहुत तेज़ थीं। बाद में मदद के लिए एक और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। दुकान के मालिक बबली ने बताया कि उनकी दुकान में पुराने प्लास्टिक कबाड़ का बड़ा स्टॉक था, जो दुकान की छत पर रखा हुआ था। मंगलवार दोपहर अचानक धुआं उठने की सूचना पड़ोसियों से मिली। जब वह मौके पर पहुंचे, तो आग की तेज लपटें उठ रही थीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसके बाद उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, और जल्द ही दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बबली ने बताया कि उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, लेकिन अभी नुकसान का सही आंकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, और इसके पीछे किसी साजिश का भी संदेह व्यक्त किया गया है।