- गुरुग्राम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गाजियाबाद के टीला मोड पर की कार्रवाई
- 15 से 20 हजार रुपये में की जाती थी जांच, गुरुग्राम में भी सक्रिय था गिरोह
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम।
स्वास्थ्य विभाग गुरुग्राम की टीम ने सोमवार को गाजियाबाद के टीला मोड स्थित एक अपार्टमेंट में चल रहे भ्रूण जांच केंद्र का भंडाफोड़ किया है। टीम ने गिरोह में शामिल आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरोह 15 से 20 हजार रुपये में भ्रूण की जांच करता था।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गाजियाबाद का यह गिरोह गुरुग्राम में सक्रिय था। गिरोह के सदस्य शहर से गर्भवती महिलाओं को गाजियाबाद लेकर जाते थे। यहां उनके गर्भ में पल रहे भ्रूण की जांच कराते थे। शिकायतकर्ता डॉ. अनुराग संजोग ने बताया कि जिला सिविल सर्जन को लिंग जांच के संबंध में एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि सोनू दलाल नामक एक व्यक्ति शहर से गर्भवती महिलाओं को गाजियाबाद के लोनी लेकर जाता है और वहां जांच करवाता है। जांच की एवज में महिलाओं से 15 से 20 हजार रुपये लेता है। सूचना पर विभाग की ओर से एक टीम का गठन किया गया। टीम ने एक नकली गर्भवती महिला को तैयार किया और उसे जांच के लिए भेज दिया।
गाजियाबाद में वरुण नामक एक व्यक्ति महिला को टीला मोड स्थित फ्लैट पर लेकर गया और वहां उसकी जांच शुरू कर दी। इस बीच पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में वरुण, कपिल कुमार, संदीप, प्रमोद बैसला, सुमित कुमार, सोनू, विजय और राहुल कौशिक शामिल हैं। सीएमओ डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि इस संबंध मेें गुप्त सूचना मिली थी। सूचना पर यह कार्रवाई की गई।