क्रिसमस के रंग में रंगा बाजार, सजावट की चीजों की बढ़ रही मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर के बाजार क्रिसमस के रंग में रंगते नजर आ रहे हैं। बाजारों में जिंगल बेल बजाते सांता क्लाज, चिमनी से घर में जाकर गिफ्ट बांटते सांता क्लॉज से लेकर सजावटी क्रिसमस ट्री तक सभी दुकानों पर उपलब्ध हैं। बाजारों से लेकर घरों तक हर तरफ उत्सव का माहौल है। यही वजह है कि शहर के व्यापारियों ने भी क्रिसमस से संबंधित सभी चीजों से दुकानों को सजाना शुरू कर दिया है, जिससे ग्राहक आकर्षित भी हों और व्यापार भी अच्छा हो।
दुकानों पर बच्चों के लिए सांता क्लॉज की ड्रेस, रंग-बिरंगे स्टार, पेंट किए हुए पाइन के फल रिबन, रिट्स, बेल्स, एपल, छोटे-छोटे स्लेज आदि सजावट के अन्य सामान मिल रहे हैं। गुरुद्वारा रोड स्थित क्रिसमस से जुड़ी चीजों के थोक विक्रेता राकेश कपूर ने बताया कि एक हफ्ते से क्रिसमस की सामग्री आई है। स्कूल, कॉरपोरेट, होटल, दुकानें आदि के अलावा बहुत सारे घरों और सोसाइटियों के लिए लोग यह सब खरीद कर ले जा रहे हैं। बाजार में बच्चों के लिए सांता का ड्रेस 100 रुपये से 400 रुपये के बीच, क्रिमसस ट्री 60 रुपये से 5 हजार रुपये तक के बीच मिल रहा है।
सदर बाजार स्थित ट्रंक मार्केट के व्यापारी हर्ष ने बताया कि क्रिसमस पर सजावट की चीजों की मांग को देखते हुए, काफी चीजें आ गई हैं और बहुत सारा माल आ रहा है। स्कूलों में इसकी खूब मांग है। लोग अपने घरों में सजावट के लिए ये सामग्री ले जा रहे हैं। पिछले साल के मुकाबले इस साल ज्यादा मुनाफे की उम्मीद है।