- पानी देने से मना करने पर शराब के नशे में की थी मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। थाना सेक्टर-10 की पुलिस ने छह साल के बेटे की पीट-पीटकर हत्या करने वाले आरोपी पिता को गिरफ्तार किया है। पानी देने से मना करने पर आरोपी पिता ने शराब के नशे में बेटे के साथ मारपीट थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।
बिहार के मुजफ्फरपुर का मूल निवासी सुमन कुमार सिंह गुरुग्राम के शक्ति नगर में परिवार सहित किराए पर रहता है। वह यहां दिहाड़ी-मजदूरी करता है, जबकि उसकी पत्नी एक कंपनी में नौकरी करती है। छह मई को सुमन कुमार को कोई काम नहीं मिला तो वह शराब पीकर घर आया और अपने छह साल के बेटे सत्यम से पानी मांगा। बेटे ने पानी नहीं दिया तो सुमन कुमार ने उसे कई थप्पड़ मारे। सत्यम ने इसकी शिकायत अपनी मां से करने की बात कही तो आरोपी ने आपा खो दिया और बेटे के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट से वह बेहोश हो गया। उसे सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो पता चला कि सत्यम की मृत्यु सिर में चोटें लगने से हुई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने सत्यम की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया।