-अवैध हथियार से धमकाकर मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। सदर थाना क्षेत्र के गांव सीलखो में पारिवारिक विवाद के चलते हिंसक झगड़े और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक पक्ष द्वारा लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने के साथ-साथ अवैध बंदूक से डराने-धमकाने का आरोप है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर एक आरोपी को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इरशाद पुत्र हनीफ ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान पारिवारिक मतभेद के चलते तारिफ, वारिस, हनीफ, फरजाना और जनीषा, जो सभी एक ही परिवार से संबंधित हैं, लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से लैस होकर उसके घर पहुंचे और गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने इरशाद और उसके परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें उसे और उसके भाई सहित अन्य परिजनों को चोटें आईं। बीच-बचाव करने आई उसकी भाभी को भी नहीं बख्शा गया और उसके साथ भी मारपीट की गई। घटना के दौरान आरोप है कि तारिफ एक नाली बंदूक लेकर आया और सभी को जान से मारने की धमकी दी।
इससे परिवार में दहशत फैल गई। बाद में उसने बंदूक को घर के कमरे में रखे बेड बॉक्स में छिपा दिया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। पीड़ित पक्ष द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ता के बताए अनुसार तलाशी ली गई, जिसमें बेड बॉक्स से एक नाली अवैध बंदूक बरामद की गई। पुलिस ने मौके से हनीफ पुत्र इसब को काबू कर लिया।