मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, साइबर क्राइम व सदर थाना पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सेक्टर-48 इलाके में एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। इसके जरिए अमेरिकी नागरिकों से ठगी की जाती थी। पुलिस ने मौके से कॉल सेंटर संचालक समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि उक्त कॉल सेंटर सोहना रोड के एक बड़ी व्यावसायिक इमारत में चल रहा था।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को पिछले काफी समय से सोहना रोड पर स्थित एक इमारत में फर्जी कॉल सेंटर के संचालित किए जाने की सूचना मिल रही थी। इस पर सीएम फ्लाइंग से इंद्रजीत व एसीपी सदर संजीव बल्हारा की अगुवाई में एक टीम गठित की गई।
टीम मंगलवार की देर रात सेक्टर-48 स्थित जेएमडी मेगापोलिस बिल्डंग की 7वीं मंजिल पर स्थित कमरा संख्या 734 में पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कई लड़के व लड़किया अंग्रेजी भाषा में हेडफोन लगाकर बात कर रहे थे तथा सभी के सामने कंप्यूटर रखे हुए थे।
मौके से 9 लोगों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मौके पर मौजूद कॉल सेंटर संचालक से जब कंपनी का पंजीकरण प्रमाणपत्र, मोड ऑफ पेमेंट समेत अन्य जरुरी दस्तावेज मांगे तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। आरोपी कोई कागजात पेश नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने दिल्ली के रहने वाले काल सेंटर संचालक सतेंद्र उर्फ सैम व अंकिस सचदेवा समेत 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें दीपक कुमार, एकलव्य थोमसैंग, विशाल विश्वकर्मा, चौखोनी व मागौई बतौर कॉलर फर्जी कॉल सेंटर पर काम कर रहे थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि फर्जी कॉल सेंटर पिछले 6 माह से चलाया जा रहा था, जिसका प्रति माह का किराया 85 हजार रुपये था।