मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने खाद बीज और दवा विक्रेताओं की दुकान और गोदामों पर औचक निरीक्षण किया
तावड़ू। मुख्यमंत्री उड़न दस्ते की टीम ने बृहस्पतिवार की सुबह खाद बीज और दवा विक्रेताओं की दुकान और गोदामों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टाॅक में कुछ एक्सपायरी डेट की दवाइयां भी रखी मिलीं। कई दुकानों पर स्टाॅक रजिस्टर में भी खामियां मिलीं।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के जिला निरीक्षक सत्येंद्र की अगुवाई में सबसे पहले टीम लख्मीचंद मंगला खाद बीज भंडार पर पहुंची। वहां 252 बैग एनपीके गोदाम में मिले। जब पीओएस मशीन की जांच की तो रिकार्ड सही मिला लेकिन लख्मीचंद मंगला बीज भंडार पर भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट की दवाइयां स्टोर रूम में रखी मिलीं। इसके उपरांत मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने महादेव प्रसाद विजय कुमार खाद बीज भंडार, हिमांशु खाद बीज भंडार खोरी कला, बड़किया खाद बीज भंडार तावडू, मेवात बीज भंडार पर भी गहनता से जांच की, जहां सभी रिकार्ड स्टाॅक रजिस्टर के हिसाब से सही मिले। इन दुकानों पर किसी तरह की कोई एक्सपायरी डेट की दवाइयां भी नहीं मिली। इस टीम में सीआईडी से उप निरीक्षक, खंड कृषि अधिकारी डा. श्याम सुंदर, एडीओ डा. अशोक कुमार आदि साथ रहे। संवाद