उद्यमियों ने पुराने में बुनियादी ढांचा सुधार की मांग भी की
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने पटौदी-फर्रुखनगर में 1250 एकड़ में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करना शुरू किया है। यह विस्तार एचएसआईआईडीसी की पद्मा योजना (प्रोग्राम टू एक्सीलरेट डेवलपमेंट फॉर एमएसएमई) के तहत हो रहा है। उद्यमियों ने इस पहल का स्वागत किया है, लेकिन पुराने औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास की मांग भी रखी है।
तीन नए औद्योगिक क्षेत्र की हुई घोषणा
एचएसआईआईडीसी ने तीन नए औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की घोषणा की थी। इस परियोजना के लिए करीब 1800 एकड़ जमीन खरीदने की योजना है, जिसमें पटौदी और फर्रुखनगर के पास के 12 गांवों का चयन हुआ है। पटौदी औद्योगिक क्षेत्र 750 एकड़ में फैला होगा, जिसका उद्देश्य छोटे स्थानीय व्यवसायों और विनिर्माण पर केंद्रित है। फर्रुखनगर क्षेत्र की करीब 500 एकड़ भूमि बड़े उद्योगों के लिए आरक्षित होगी। प्रत्येक ब्लॉक में 25 से 100 एकड़ तक के छोटे भूखंड विकसित किए जाएंगे।
निवेश और रोजगार के बढ़ेंगे अवसर
प्रस्तावित नए औद्योगिक क्षेत्रों में 1000 से अधिक नए उद्यम स्थापित करने की योजना है। इससे 30 हजार करोड़ रुपये का नया निवेश आएगा। साथ ही 50 हजार नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष दीपक मैनी ने कहा कि पुराने औद्योगिक इलाकों में बुनियादी ढांचा बेहतर होने पर नए क्षेत्रों में उद्योग लगाने में दिलचस्पी बढ़ेगी। वहीं, गुड़गांव इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष जेएन मंगला ने सार्वजनिक सुविधाओं जैसे सामुदायिक भवन, शौचालय और शिशु गृह विकसित करने पर जोर दिया। उनका मानना है कि इससे निवेशकों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।