- एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री ने किया पौधरोपण
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नेशनल हाईवे की ग्रीनबेल्ट पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत शुक्रवार को सघन पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल दिया। उनके साथ बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा ने भी अभियान में सहभागिता दर्ज कराई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार या किसी संस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का नैतिक दायित्व है।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन की आधारशिला है, जो हमें शुद्ध वायु, स्वच्छ जल और संतुलित पर्यावरण प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना केवल एक कार्य नहीं बल्कि प्रकृति और धरती मां के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार अपने आसपास एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो आने वाले समय में हमारा समाज और अधिक हरा-भरा एवं स्वच्छ बनेगा।
केंद्रीय मंत्री ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे पौधरोपण को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और दूसरों को भी इस दिशा में प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि प्रकृति से जुड़ाव ही हमारे जीवन को स्वस्थ, संतुलित और दीर्घकालिक बनाता है। इस अवसर पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की प्रशासक अनुपमा अंजलि, एस्टेट ऑफिसर नवीन कुमार, एस.ई. संदीप दहिया, विभागीय अधिकारीगण, सामाजिक कार्यकर्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।