- निबंध, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक से युवाओं में बढ़ाया जाएगा राष्ट्रप्रेम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से विकसित भारत पदयात्राएं आयोजित की जा रही हैं। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, एकता की भावना तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रबल करना है। यह जानकारी केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने आज सेक्टर-12 स्थित एचएसवीपी कन्वेंशन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान दी। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने बताया कि इस अभियान का डिजिटल शुभारंभ केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया द्वारा माई भारत पोर्टल पर किया गया है।
डिजिटल चरण के अंतर्गत सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इस कार्यक्रम के तहत चुने गए 150 युवा नेताओं को राष्ट्रीय पदयात्रा में भाग लेने का अवसर मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनभागीदारी के विजन से प्रेरित है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पहला चरण 31 अक्तूबर से 25 नवंबर 2025 तक चलेगा, जिसके अंतर्गत देशभर के जिलों में 8 से 10 किलोमीटर लंबी पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। दूसरा चरण 26 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 तक चलेगा, जिसमें 152 किलोमीटर की राष्ट्रीय पदयात्रा सरदार पटेल जी के जन्म स्थान करमसद से लेकर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया तक निकाली जाएगी। इस दौरान सरदार पटेल के जीवन पर प्रदर्शनी, सांस्कृतिक उत्सव के कार्यक्रम आयोजित होंगे।