निगम के अतिरिक्त आयुक्त की अध्यक्षता में हुई वार्ड कमेटी की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त रविंद्र यादव की अध्यक्षता में वार्ड कमेटी की बैठक आयोजित हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि सदर बाजार रोड स्थित मुख्य हनुमान मंदिर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा। इसके साथ ही वार्ड-27 में सफाई व्यवस्था सुधारने, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट का उचित निस्तारण करने और खराब स्ट्रीट लाइटों से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की गई। बैठक में पार्षद आशीष गुप्ता सहित संबंधित लोग मौजूद रहे।
बैठक में मलबे के कारण सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलने का मुद्दा उठाया गया। सीएंडडी वेस्ट के संग्रहण, उठान और निर्धारित स्थानों पर निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही, नागरिकों और निर्माण कार्य कराने वालों को जागरूक करने की आवश्यकता बताई गई, ताकि मलबा सड़कों, खाली प्लॉटों और सार्वजनिक स्थानों पर न डाला जाए।
वार्ड की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित सफाई और समय पर कचरा उठाने की व्यवस्था पर चर्चा हुई। स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनका समाधान कराने पर भी जोर दिया गया। वार्ड कमेटी के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर समन्वय स्थापित करने की बात कही गई। बैठक में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने का मुद्दा भी उठा। स्ट्रीट लाइटों से संबंधित समस्याओं की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।