नगर निगम ने विशेष अभियान की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा अनाधिकृत निर्माण, पीजी एवं सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष इंफोर्समेंट अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा। निगम की अलग-अलग इंफोर्समेंट टीमों ने गांव झाड़सा, शिवाजी नगर, ज्योति पार्क-मदनपुरी रोड तथा वजीराबाद के खाटू श्याम मंदिर मार्ग पर कार्रवाई की।
गांव झाड़सा व शिवाजी नगर में नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने अनाधिकृत निर्माण एवं पीजी के रूप में उपयोग किए जा रहे कॉमर्शियल भवनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान टीम ने 11 अनाधिकृत भवन/पीजी को सील किया। नगर निगम द्वारा अनाधिकृत रूप से किए गए निर्माण तथा नियमों के विपरीत भवनों के व्यावसायिक उपयोग के मामलों की लगातार निगरानी की जा रही है और चिन्हित मामलों में नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।
टीम ने ज्योति पार्क रोड से मदनपुरी रोड और वजीराबाद में खाटू श्याम मंदिर रोड पर विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया। अभियान के दौरान सार्वजनिक रास्ते एवं यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे अस्थायी स्ट्रक्चर, अनाधिकृत रैंप तथा अन्य अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई का उद्देश्य सड़क की उपलब्ध जगह को बाधामुक्त करना तथा पैदल यात्रियों और वाहन चालकों के लिए सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना रहा।
लोग खुद हटा रहे अपने रैंप और अतिक्रमण
अभियान का सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिल रहा है। निगम की कार्रवाई के बीच क्षेत्र के कई लोग स्वेच्छा से अपने रैंप एवं अन्य अतिक्रमण स्वयं हटा रहे हैं। नगर निगम ने इस सहयोग को सकारात्मक कदम बताते हुए अन्य नागरिकों एवं दुकानदारों से भी सार्वजनिक रास्तों से अपने अनधिकृत अतिक्रमण स्वयं हटाने की अपील की है। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया है कि अनाधिकृत निर्माणों, नियमों के विपरीत भवनों के उपयोग तथा सड़क, फुटपाथ एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ इंफोर्समेंट, सीलिंग एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।