नगीना। बड़कली चौक पर अतिक्रमण के कारण लोगों को हर रोज जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। यही कारण है कि बड़कली चौक वाले इस मार्ग पर हादसों की संख्या भी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। करीब एक दशक बीत जाने के बाद भी बड़कली चौक पर ट्रैफिक लाइट की सुविधा नहीं है। इस समस्या से अफसर अनजान बने हुए हैं।
यहां पर यातायात पुलिस चौकी भी मौजूद है, लेकिन हालात बदल नहीं पा रहे हैं। यात्रियों को लाने ले जाने वाले ऑटो रिक्शा भी अपनी मनमर्जी से मनचाहे स्थान पर खड़े रहते हैं। यदि पुलिस चाहे तो इन ऑटो रिक्शा चालकों को सड़क से दूर खड़े होने की हिदायत भी दे सकती है, लेकिन ये ऑटो रिक्शा अलवर से गुरुग्राम के लिए जाने वाले वाहनों के लिए मुसीबत की जड़ बने हुए हैं।
कहीं पर लोगों ने ठेला लगा रखा है, तो कहीं पर वर्कशॉप चल रहीं हैं। कुल मिलाकर देखा जाए तो सर्विस रोड का नामोनिशान अतिक्रमणकारियों ने मिटा रखा है। यहां के सर्विस रोड से कोई भी यात्री गुजर नहीं सकता। यही कारण है कि यहां पर अतिक्रमण के कारण हर रोज जाम लगना अनिवार्य हो गया है। यदि हालात नहीं सुधरे तो यहां पर इससे भी बड़ा हादसा देखने को मिल सकता है।
सर्विस रोड पर भी अतिक्रमण
बड़कली चौक पर कई बार मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं। जिससे मरीजों को भी अधिक परेशानी होती है। इसके अलावा दमकल विभाग की गाड़ी भी जाम कई बार फंस चुकी है। बता दें कि बड़कली चौक पर दोनों साइड में सर्विस रोड है। लेकिन इस सर्विस रोड पर अतिक्रमणकारियों ने वर्कशॉप बनाई हुई हैं। यदि पूरी तरह से इस सर्विस रोड को साफ कराया जाए तो जाम की स्थिति से निजात मिल सकती है। वहीं, यहां पर ज्यादातर रेहड़ियां व ऑटो जाम का कारण बनते हैं।
बड़कली चौक से कई बार अतिक्रमण हटाया जा चुका है। लेकिन फिर से स्थानीय लोग अतिक्रमण को बढ़ावा देते हैं। जल्द ही टीम बनाकर अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित करवाया जाएगा और उनके विरुद्ध ठोस कार्रवाई की जाएगी। बड़कली चौक पर ट्रैफिक लाइट लगवाने के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। -लक्ष्मी नारायण, एसडीएम, फिरोजपुर झिरका