विभाग के चीफ इंजीनियर ने अपने जोन के सभी एसई के साथ बैठक की
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मौसम के चलते कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। जल भराव व पेड़ों के गिरने से उसे ठीक करने में समय लगता है। इसे देखते हुए बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर ने आने वाली शिकायतों का तुंरत निस्तारण करने का आदेश दिया है। संबंधित कार्यकारी अभियंता को उनके क्षेत्र में आने वाली फॉल्ट की शिकायत को समय पर ठीक कराने के लिए लाइनमैन की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है।
मौसम में आए बदलाव के बाद बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर वी के अग्रवाल ने अपने जोन के सभी एसई के साथ बैठक की है। बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिया है कि किसी भी उपभोक्ता को बिजली की समस्या के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए। बारिश के चलते आने वाले फॉल्ट को निर्धारित समय पर ठीक कराया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं के मोबाइल पर अलर्ट संदेश भेजा जाए। यदि एक क्षेत्र में फॉल्ट की संख्या अधिक है तो दूसरे क्षेत्र के लाइन मैन को भी फॉल्ट ठीक करने में लगाया जाए। यह समस्या गुरुग्राम और फरीदाबाद में अधिक है। जबकि मेवात व रेवाड़ी के साथ पलवल में कम है। ऐसे में गुरुग्राम के दोनों एसई को निर्देश दिया गया है कि वह पूरे प्रकरण पर मॉनिटरिंग करें।
जलभराव के चलते काम में होती है देरी
बारिश के बाद आने वाले फॉल्ट को ठीक करने के पीछे पाया जाता है कि जगह-जगह जलभराव होता है। उसके कारण काफी देर तक बिजली काटनी पड़ती है। ऐसी समस्या का भी हल निकालने पर चर्चा हुई। गुरुग्राम के पुराने शहर में यह समस्या अधिक है। इसके साथ ही डीएलएफ क्षेत्र व सेक्टर 56 की ओर जल भराव की समस्या है।
वर्जन
फॉल्ट ठीक करने का समय तय होना चाहिए । उपभोक्ताओं को यह संदेश प्रमुखता से मिलना चाहिए कि कितनी देर बाद बिजली आने की संभावना है। इसके चलते सही एसई के साथ बैठक कर उन्हें निर्देश दिया गया है।
वी के अग्रवाल , चीफ इंजीनियर , हरियाणा बिजली वितरण निगम गुरुग्राम।