पानी में पड़ा होने के कारण शव फूलकर काफी खराब स्थिति में मिला
परिवार वालों ने जताई हत्या करके शव को जोहड़ में फेंकने की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बिलासपुर थाना के अंतर्गत कुंभावास की ढाणी गांव निवासी बुजुर्ग के लापता होने के एक सप्ताह बाद उसका शव छह फरवरी को जोहड़ में मिला। पानी में पड़ा होने के कारण शव फूलकर काफी खराब स्थिति में था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया। मृतक की पहचान होने के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक की पहचान कुंभावास की ढाणी गांव निवासी राजेंद्र सिंह (62) के रूप में हुई है। वह 30 जनवरी से लापता थे। राजेंद्र सिंह की गुमशुदगी को लेकर बिलासपुर थाने में परिवार वालों की ओर से एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। 6 फरवरी को एक ग्रामीण ने पुलिस कंट्रोल रूम को जोहड़ में शव पड़ा होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही बिलासपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जोहड़ से बाहर निकलवाया। मृतक बुजुर्ग की पहचान होने पर परिवार वालों ने बताया कि राजेंद्र सिंह (मृतक) घर पर ही रहते थे और खेती का काम करते थे।
मृतक बुजर्ग के बेटे साहिल ने बताया कि पिता राजेंद्र सिंह 30 जनवरी को घर से खेत पर जाने के लिए निकले थे और इसके बाद वापस नहीं लौटे। उनको काफी जगह तलाश किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद बिलासपुर थाने में राजेंद्र सिंह की गुमशुदगी दर्ज कराई गई। 6 फरवरी की दोपहर करीब 1.30 बजे कुंभावास की ढाणी गांव से करीब एक किलोमीटर दूर जोहड़ के पानी में राजेंद्र सिंह का शव पड़ा मिला। पुलिस ने तालाब से शव निकाला, यह काफी फूल चुका था। पुलिस ने एफएसएल व अन्य जांच टीमाें घटनास्थल के आसपास का निरीक्षण कराया। परिवार वालों ने बुजुर्ग की हत्या करके शव को जोहड़ में फेंकने की आशंका जताई है।
शनिवार को डॉक्टरों के बोर्ड से राजेंद्र सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही राजेंद्र सिंह की मौत होने की सही वजह के बारे में पता चल सकेगा। मामले में परिवार वालों के बयान दर्ज किए गए हैं और छानबीन की जा रही है। जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। - राजेश, एएसआई, जांच अधिकारी