डीएलएफ फेज थ्री के पिंक टाउन हाउस के सेंट्रल पार्क में बंदरों का आतंक, बैठक आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज थ्री के पिंक टाउन हाउस के लोग बंदरों के आतंक से परेशान हैं। इलाके के सेंट्रल पार्क में बंदरों का एक झुंड लोगों की परेशानी की वजह बना हुआ है। शनिवार को पार्क में टहलने आए एक बुजुर्ग जीएल किशोरी को कई बंदरों ने घेर लिया और कई जगह काट लिया। सीनियर सिटिजन फोरम के चीफ पेट्रॉन मदन लाल यादव उन्हें तत्काल पास के निजी अस्पताल में ले गए। बुजुर्ग के कान को बंदरों ने बुरी तरह जख्मी कर दिया है।
मदन यादव और सीनियर सिटिजन फोरम में प्रधान डीएन क्वात्रा के नेतृत्व में रविवार को सेंट्रल पार्क में एक बैठक का आयोजन किया गया। डीएन क्वात्रा ने बताया कि करीब 15 बंदरों का झुंड आए दिन पार्क में घूमता रहता है। बंदरों का समूह पार्क में आए लोगों पर हमला करता है। शनिवार की घटना के बाद लोग काफी डर गए हैं। संगठन के महासचिव पीके जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एसडी धमीजा, महिला विंग की महासचिव रितु, पूर्व आरडब्ल्यूए प्रधान धीरज राजवीर समेत इलाके के कई लोगों ने रविवार की बैठक में हिस्सा लिया और नगर निगम को लिखा है कि इलाके में बंदरों की समस्या का हल शीघ्र निकालें।